home page

अनूपपुर: पारिवारिक विवाद में पोते ने दादा की डंडे से पीट-पीट कर की हत्या

 | 
अनूपपुर: पारिवारिक विवाद में पोते ने दादा की डंडे से पीट-पीट कर की हत्या


अनूपपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के बेलिया गांव में एक पोते ने अपने दादा 85 वर्षीय गोरेलाल पनिका को डंडे से पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम उपरांत परिजनों को सौप कर आरोपी पोते रवि पनिका की तलाश शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि गुरूवार-शुक्रवार की रात रवि पनिका शराब के नशे में घर लौटा। उसने पत्नी को जगाकर खाना मांगा और गालियां दीं। पत्नी के मना करने पर रवि ने लकड़ी की चौकी से उस पर हमला कर दिया। महिला की चीख सुनकर दादा गोरेलाल पनिका ने बीच-बचाव किया। रवि ने उन्हें भी गालियां दीं। दादा पुलिस को सूचना देने सड़क पर निकले, तभी रवि ने पीछे से उन पर डंडे से लगातार हमला कर दिया। हमले में दादा के एक हाथ की हड्डी दो जगह से टूट गई, सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। घायल गोरेलाल पनिका सड़क पर गिर गए। रवि के पिता प्यारेलाल पनिका ने उसे रोकने की कोशिश की, पर आरोपी फरार हो गया। घायल हुए गोरेलाल पनिका और उसके बेटे प्यारेलाल पनिका को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां वृद्ध गोरेलाल पनिका की इलाज के दौरान मौत हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला