home page

अनूपपुर: दोस्त के घर छिपा था दादा की हत्या का आरोपी पोता, गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर: दोस्त के घर छिपा था दादा की हत्या का आरोपी पोता, गिरफ्तार


अनूपपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम बेलिया में 22 वर्षीय पोते रवि शंकर पनिका ने शराब के नशे में अपने दादा 85 वर्षीय गोरेलाल पनिका पर लाठी से हमला कर हत्या कर दी थी, जिसे पुलिस ने शनिवार-रविवार की रात गिरफ्तार कर लिया है।

पोते रवि शंकर पनिका ने शराब के नशे में अपने दादा 85 वर्षीय गोरेलाल पनिका पर लाठी से हमला कर दिया जिसके बाद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 सितंबर-1 अक्टूबर की रात रवि शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी-बच्चों से मारपीट करने लगा। दादा बीच-बचाव करने आए तो आरोपी ने लाठी से उन पर और पिता प्यारेलाल पनिका पर हमला कर दिया। हमले में दादा गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के समय आरोपी के चाचा मोहनलाल पनिका घर से बाहर खेत पर थे।

पुलिस के अनुसार लाठी से हमला होने के बाद गोरेलाल जान बचाने के लिए घर से बाहर भागे, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा कर लाठी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद गोरेलाल वहीं गिर गए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया और दोस्त के घर जाकर छिप गया। घटना के बाद परिजनों ने 1 अक्टूबर की सुबह 108 एंबुलेंस की मदद से गोरेलाल को जिला अस्पताल अनूपपुर में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसी रात उनकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, डॉक्टरी जांच में गोरेलाल की पसली और हाथ की हड्डी टूटने के साथ लीवर में चोट की जानकारी सामने आई है।

2 अक्टूबर को सूचना मिलने पर जैतहरी पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। मृतक के पुत्र और आरोपी के चाचा मोहनलाल पनिका की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी एक दोस्त के घर छिपा है। रात पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। दादा की मौत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी जिले से बाहर भागने की कोशिश में था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह शराब के नशे में था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला