जीपीएस की मदद से युवक ने पकड़े बाइक चोर, पीछा करते समय दुर्घटना में एक का पैर टूटा
उदयपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर शहर में बाइक चोरी की एक घटना में साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक युवक ने जीपीएस तकनीक की मदद से अपनी चोरी हुई बाइक का पता लगाकर चोरों का पीछा किया और उन्हें पकड़वा दिया। पीछा करने के दौरान हुई दुर्घटना में एक आरोपी का पैर टूट गया, जबकि दूसरा घायल होकर जंगल की ओर भाग गया, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार अंबामाता थाना क्षेत्र स्थित पन्नाविलास होटल के बाहर से शनिवार को एक होटल कर्मचारी की बाइक चोरी हो गई थी। बाइक में लगे जीपीएस सिस्टम के जरिए युवक को उसकी लोकेशन मिल गई। इसके बाद उसने बाइक का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए जब युवक ने अपनी बाइक पर सवार चोरों को देखा तो उन्हें रुकने के लिए आवाज लगाई, लेकिन चोर तेज गति से बाइक दौड़ाने लगे। इसी दौरान अचानक बाइक बेकाबू हो गई और दोनों आरोपी गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना में लालमगरी निवासी सन्नी कल्याण पुत्र भगवती का पैर टूट गया, जिससे वह मौके से भाग नहीं सका। वहीं उसका साथी कन्हैयालाल खटीक घायल अवस्था में पास के जंगल में भाग गया। सूचना मिलने पर बाघपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ देर बाद जंगल में तलाश कर फरार आरोपी को भी पकड़ लिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि आरोपी कन्हैयालाल खटीक शातिर बदमाश है, जो तीन दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था और बाहर आते ही फिर चोरी की वारदात में शामिल हो गया। पुलिस के अनुसार चोरी की इस घटना में इनके तीन-चार अन्य साथी भी शामिल थे, जो संभवतः अन्य बाइक लेकर झाड़ोल की ओर भाग गए। मामले की जांच अंबामाता थाना पुलिस कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

