home page

गोविंदपुरी अग्निकांड: मां, बेटा और बेटी की मौत, परिवार की दो अन्य महिलाएं जिंदगी की जंग लड़ रहीं

 | 
गोविंदपुरी अग्निकांड: मां, बेटा और बेटी की मौत, परिवार की दो अन्य महिलाएं जिंदगी की जंग लड़ रहीं


नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके के तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित पांच मंजिला रिहायशी इमारत में गुरुवार रात लगी आग ने एक ही परिवार को गहरा सदमा दे दिया। हादसे में मां, बेटे और बेटी की मौत हो गई। जबकि परिवार की दो अन्य महिलाएं गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

पुलिस के अनुसार बीती रात 2:31 बजे पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के बाद इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पंकज (28), उनकी मां गुड्डी (50) और बहन सोनी (20) के रूप में हुई है। तीनों तुगलकाबाद गांव की गली नंबर-1 स्थित आरजेड-1/173 की तीसरी मंजिल पर रहते थे। वहीं पंकज की दूसरी बहन मोनी (18) और उसकी करीब 70 वर्षीय नानी गंभीर रूप से झुलस गई हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। शुरुशाती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

गोविंदपुरी आग हादसे में एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, मां-बेटे समेत तीन की मौत

गोविंदपुरी के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में गुरुवार रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आग की इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य सदस्य अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इमारत में सुरक्षा मानकों और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पार्किंग में खड़ी गाड़ियों में लगी आग

हालांकि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुगलकाबाद की गली नंबर-1 स्थित नया तारा अपार्टमेंट के पास मौजूद हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक आग बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों में लगी थी। आग की वजह से पूरे बिल्डिंग में धुआं फैल गया, जिससे लोग अंदर फंस गए।

दमकल विभाग ने कहा यह

दमकल विभाग के एडीओ यशवंत मीणा ने बताया कि पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल आग की चपेट में आ गईं। इसकी वजह से आग और धुआं 5वीं मंजिल तक फैल गया। जिससे ग्राउंड, पहली और दूसरी मंजिल पर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जबकि ऊपरी मंजिलों पर कम क्षति हुई।

बचाव कार्य में चुनौतियों का सामना

यशवंत मीणा ने कहा कि पांच मंजिला इमारत संकरी गली में होने के कारण राहत बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, दमकल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छत तक पहुंच बनाई। यहां से छत का गेट काटकर टीम अंदर दाखिल हुई। सबसे पहले वहां फंसी दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

साड़ी के सहारे नीचे उतरे कुछ लोग

चश्मदीद सौरभ ने बताया कि आग लगने के चलते कई लोग बुरी तरह फंसे हुए थे, जिसके बाद लोगों ने अपने छत से एक साड़ी फेंकी और कुछ लोग नीचे उतरे। हमने जब बिल्डिंग में झांक कर देखा तो गाड़ियों में आग लगी हुई थी। अंदर जाने की हालत बिल्कुल भी नहीं थी। जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में ग्राउंड फ्लोर के साथ पहली और दूसरी मंजिल भी आ गई, तीसरी से पांचवीं मंजिल तक आंशिक नुकसान हुआ। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकल विभाग के जवानों ने छत पर पहुंचकर गेट का ताला काटा और अंदर प्रवेश किया। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी