home page

गोविंदपुरी डबल मर्डर केस: मां-बेटे की हत्या का आरोपित सौरभ पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

 | 
गोविंदपुरी डबल मर्डर केस: मां-बेटे की हत्या का आरोपित सौरभ पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार


नई दिल्ली, 23 मई (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में 20 मई को मां और बेटे की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान सौरभ के रूप में हुई है।

दक्षिण-पूर्वी जिले पुलिस उपायुक्त डा. हेमंत तिवारी ने शनिवार को बताया कि, आरोपित के साथ दक्षिण-पूर्व जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड (एएनएस) टीम की मुठभेड़ हुई। जिसमें जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपित के पैर में गोली लगी।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपित घाटी पार्क इलाके में मौजूद है और वहां बैठकर नशा कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ने की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपित को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा लेकिन आरोप है कि पुलिस टीम को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपित के पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। मुठभेड़ के बाद आरोपित सौरभ को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

उल्लेखनीय है कि 20 मई को गोविंदपुरी इलाके में मां शारदा और बेटे खुशहाल की हत्या की वारदात सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस कई एंगल पर जांच कर रही थी और आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी