फार्म पॉन्ड में विवाहिता और दो मासूम बेटियों के शव मिले
जयपुर, 30 जून (हि.स.)। गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के खेजरोली कस्बे की लेसवा ढाणी में मंगलवार सुबह खेत में बने फार्म पॉन्ड से एक विवाहिता और उसकी दो बेटियों के शव बरामद किए गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस, एफएसएल टीम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाए।
गोविंदगढ़ थाना प्रभारी विनोद सांखला ने बताया कि मृतका की पहचान पूजा यादव (25) निवासी खुर्रमपुर के रूप में हुई है। उसके साथ उसकी ढाई वर्षीय बेटी चित्रांशी और आठ माह की हर्षिता के शव भी फार्म पॉन्ड से बरामद हुए। ग्रामीणों की सहायता से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोविंदगढ़ के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही वृत्ताधिकारी शिव शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की आशंका सामने आई है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और परिजनों के बयान मिलने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
थाना प्रभारी विनोद सांखला ने बताया कि पूजा यादव की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। घटना की सूचना मृतका के पीहर पक्ष को दे दी गई है। परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला अपनी दोनों बच्चियों के साथ खेत स्थित फार्म पॉन्ड तक किन परिस्थितियों में पहुंची। घटना के बाद पूरे खेजरोली क्षेत्र में शोक का माहौल है। गांव में दिनभर लोगों का जमावड़ा लगा रहा और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध नजर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

