home page

राजगढ़ः नींद में ही चली गई शिक्षिका की जान, सुबह पति ने उठाया तो नही खुली आंखें

 | 
राजगढ़ः नींद में ही चली गई शिक्षिका की जान, सुबह पति ने उठाया तो नही खुली आंखें


राजगढ़, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के चंपालाल का बगीचा क्षेत्र में रहने वाली 50 वर्षीय शासकीय शिक्षिका की शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई।

महिला रात में खाना खाने और बीपी की दवा लेने के बाद सोई थी, लेकिन सुबह जब पति ने उठाने की कोशिश की तो वह नहीं उठी। परिजन तुरंत उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार मृतका शारदा पत्नी राधेश्याम सोलंकी ब्यावरा शहर के चंपालाल का बगीचा क्षेत्र के पास रहती थीं और शहर के एक शासकीय विद्यालय में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं। परिजनों ने बताया कि शारदा लंबे समय से ब्लड प्रेशर की मरीज थीं। शुक्रवार रात उन्होंने भोजन किया, नियमित दवा ली और सो गईं। शनिवार सुबह करीब 8 बजे पति ने उन्हें उठाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद घबराए परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्या माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक