home page

जबलपुरः कटंगा में गोवंश अंग के अवशेष मिलने से हड़कंप, हिंदू संगठनों का हंगामा

 | 
जबलपुरः कटंगा में गोवंश अंग के अवशेष मिलने से हड़कंप, हिंदू संगठनों का हंगामा


जबलपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत कटंगा स्थित टीवी टावर के पास लिटिल वर्ल्ड स्कूल के सामने बुधवार दोपहर में गोवंश के अंग के अवशेष पड़े मिले। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।

मौके पर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि हनुमान जयंती से ठीक एक दिन पहले इस तरह की घटना कर क्षेत्र का माहौल खराब करने की साजिश की जा रही है। सूचना मिलते ही कैंट सीएसपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सके।

वहीं विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं, जिनमें नितेश पारस सहित अन्य शामिल थे, ने मांग की है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस का एक पक्ष यह भी है कि संभवतः किसी अन्य स्थान से कुत्ते इन अवशेषों को उठाकर यहां तक ले आए हों। हालांकि, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं कि जब प्रदेश में गोवंश वध पर प्रतिबंध है, तो ऐसे अवशेष आखिर आए कहां से। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक