home page

एसएसबी के संयुक्त अभियान में देशी हथियार के साथ एक व्यक्ति हिरासत में

 | 
एसएसबी के संयुक्त अभियान में देशी हथियार के साथ एक व्यक्ति हिरासत में


कोकराझार (असम), 23 सितम्बर (हि.स.)। कोकराझार जिले के गोसाईगांव थाना अंतर्गत राइमोना क्षेत्र में संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षा बलों ने एक देशी हथियार बरामद करने के साथ ही एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।

सुरक्षा बलों से मिली जानकारी के अनुसार, इंटेलिजेंस सेट-अप से मिली सूचना के आधार पर 22 सितंबर की रात करीब 10.02 बजे गोसाईगांव स्थित एसएसबी की 31वीं बटालियन के राइमोना ट्रांजिट कैंप, ई कंपनी, जामदुआर के जवानों तथा राइमोना नेशनल पार्क के वेस्टर्न रेंज के कर्मियों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या 122 से करीब 12 किलोमीटर दूर कुसुमबिल गांव में, सरायबिल पीओपी तथा गोसाईगांव थाना क्षेत्र में की गई।

अभियान के दौरान एक देशी हथियार बरामद किया गया। साथ ही कुसुमबिल गांव निवासी करीब 36 वर्षीय मोजेन नार्जारी को हिरासत में लिया गया। सुरक्षा बलों के अनुसार, पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने स्वयं को सूअर के मांस का विक्रेता बताया तथा कथित तौर पर पैसे के लिए जंगली जानवरों का शिकार करने की बात स्वीकार की।

हिरासत में लिए गए व्यक्ति और बरामद हथियार को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सरायबिल पुलिस आउटपोस्ट के माध्यम से गोसाईगांव थाना पुलिस को सौंपे जाने की प्रक्रिया की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा