गाेरखपुर : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोपित युवक गिरफ्तार
गोरखपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाेरखपुर जनपद में महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गीडा थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के एक आरोपित युवक को बुधवार गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गीडा थाना प्रभारी अश्वनी पाण्डेय ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों के मामलों में की जा रही कार्रवाई के क्रम में पुलिस टीम ने दर्ज मु0अ0सं0 456/26 में धारा 69, 115(2) और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपित विजय निषाद पुत्र दिनेश निषाद निवासी नौसड़ पासवान ढाला को आज गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है और आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय कुमार, रिजर्व कांस्टेबल नजरे आलम तथा रिजर्व महिला कांस्टेबल नैन्सी आदि शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

