home page

गोंडा : इंडियन बैंक में करोड़ों का घोटाला आया सामने, 69 अधिकारियों-कर्मचारियों समेत ग्राहकों पर केस दर्ज

 | 
गोंडा : इंडियन बैंक में करोड़ों का घोटाला आया सामने, 69 अधिकारियों-कर्मचारियों समेत ग्राहकों पर केस दर्ज


गोंडा, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्थित इंडियन बैंक की मुख्य शाखा में वर्ष 1997 से 2020 के बीच करोड़ों रुपये के वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। बैंक प्रशासन की शिकायत पर नगर कोतवाली में पूर्व शाखा प्रबंधकों, कैशियरों, अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों और कुछ ग्राहकों समेत कुल 69 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पद और अधिकारों का दुरुपयोग कर बैंक की करोड़ों रुपये की धनराशि का गबन किया गया।

इंडियन बैंक के सचिव रविंद्र कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में कहा गया है कि वर्ष 1997 से 2020 के दौरान बैंक में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न माध्यमों से लगभग 3 करोड़ 60 लाख रुपये की धनराशि में हेराफेरी की। बैंक प्रशासन के अनुसार, विभागीय जांच के दौरान संबंधित लोगों ने गबन की गई राशि ब्याज सहित जमा करने का लिखित आश्वासन दिया था। लेकिन निर्धारित समय में धनराशि वापस नहीं की गई। इसके चलते ब्याज सहित बकाया रकम बढ़कर 4 करोड़ 90 लाख 8 हजार 373 रुपये हो गई है। मामले में न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 12 जून 2026 को नगर कोतवाली में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी नगर अंगद कुमार राय ने शनिवार को बताया कि इंडियन बैंक के सचिव की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर वर्ष 1997 से 2020 के बीच कार्यरत 69 कर्मचारियों एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ लगभग 3.60 करोड़ रुपये (ब्याज सहित 4 करोड़ 90 लाख 8 हजार 373 रुपये) की हेराफेरी के मामले में न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र कुमार तिवारी