गोंडा में ज्वेलर्स लूट का खुलासा, मुठभेड़ में एक घायल, दो गिरफ्तार
गोंडा, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गोंडा जिले के कर्नलगंज क्षेत्र में ज्वेलर्स व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कर्नलगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
कर्नलगंज इलाके में 28 अप्रैल को ज्वेलर्स व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में कर्नलगंज पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों पहचान बृजेश शुक्ला और अमर शुक्ला उर्फ ननके के रूप में हुई है। घायल बृजेश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 5200 रुपये नकद, एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। घटना के अनुसार, कर्नलगंज के सदर बाजार निवासी राजन सोनी 28 अप्रैल को अपनी दुकान जा रहे थे। इसी दौरान खाटू श्याम मंदिर मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनका बैग छीन लिया था। बैग में आभूषण और नकदी रखी थी।
बदमाशों ने गोंडा और बहराइच में लूट की घटना को दिया अंजाम
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि इस मामले के खुलासे के लिए पांच टीमों को लगाया गया था। करीब 70 किलोमीटर के दायरे में 500 सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। जांच में सामने आया कि आरोपितों ने बहराइच जिले में भी एक अन्य लूट की घटना को अंजाम दिया था। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र कुमार तिवारी

