home page

गोल्फ लिंक डकैती कांड का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार

 | 
गोल्फ लिंक डकैती कांड का खुलासा, तीन आरोपित गिरफ्तार


नई दिल्ली, 20 अप्रैल (हि.स.)। नई दिल्ली जिले के पॉश इलाके गोल्फ लिंक में हुई डकैती की वारदात का दिल्ली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तुगलक रोड थाना पुलिस ने इस मामले में तीन मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बहु-राज्यीय छापेमारी और तकनीकी जांच के जरिए इस वारदात को सुलझाने में सफलता हासिल की है। फिलहाल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त ने सोमवार को बताया कि 17 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे गोल्फ लिंक इलाके से डकैती की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके घर में हाल ही में काम पर रखा गया घरेलू सहायक सुशील ही इस वारदात का मुख्य सूत्रधार निकला। उसने जानबूझकर घर का मुख्य दरवाजा खोलकर अपने 5-6 साथियों को अंदर बुलाया। इसके बाद आरोपितों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को डराया-धमकाया और आभूषण, नकदी सहित कीमती सामान लूट लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले को सुलझाने के लिए थाना तुगलक रोड, साइबर टीम और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। पूरी जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में की गई। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिससे आरोपितों के भागने के तरीके और दिशा का सुराग मिला।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपित एक मारुति सुजुकी अर्टिगा वाहन में सवार होकर फरार हुए थे। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और डाटा विश्लेषण के जरिए उस वाहन की गतिविधियों का पता लगाया। इसी आधार पर अलग-अलग टीमों को विभिन्न राज्यों में भेजा गया। पुलिस टीमों ने मुंबई और उप्र में छापेमारी की। 19 अप्रैल को मुंबई में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपित गुड्डू कुमार कामत उर्फ राजू और रमन कामत को गिरफ्तार कर लिया। वहीं दूसरी टीम ने उप्र में दबिश देकर अमित सिंह उर्फ गब्बर को पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित गुड्डू कुमार कामत (35) बिहार के सुरियाही गांव का रहने वाला है और पहले भी डकैती व लूट के कई मामलों में शामिल रहा है। वह घरेलू नौकर के रूप में काम करके घरों की रेकी करता था और फिर अपने साथियों के साथ वारदात को अंजाम देता था। वहीं रमन कामत (38), जो उसी गांव का निवासी है। घटना से कुछ दिन पहले ही पीड़ित के घर में काम पर लगा था और उसने अंदर की जानकारी अपने साथियों को दी।

तीसरा आरोपित अमित सिंह उर्फ गब्बर (30) संगम विहार का निवासी है। वह एक कुख्यात वाहन चोर है और उसके खिलाफ 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, उसे गिरोह में विशेष रूप से वाहन और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करने के लिए शामिल किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और उनसे गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व एसीपी तुगलक रोड के निर्देशन में किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इसकी लगातार निगरानी की गई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी