मथुरा : दिनदहाड़े 85 लाख का गोल्ड लूटा, बाइक सवार बदमाश फरार
मथुरा, 24 जुलाई (हि.स.)। थाना हाईवे क्षेत्र अंतर्गत गोवर्धन चौराहे के निकट बदमाशों ने कूरियर के माध्यम से दिल्ली भेजे जा रहे करीब 85 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घटना की जानकारी होने पर व्यापारी के कर्मचारियों में खलबली मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर थाना पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने बस चालक, परिचालक और संबंधित लोगों से पूछताछ की है। एसएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लूट में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पीड़ित गौरव, जो राजस्थान का निवासी है और एक कोरियर कंपनी में कार्यरत है, मथुरा के विभिन्न क्षेत्रों से सोना एकत्र कर बैग में लेकर जा रहा था। गोवर्धन चौराहे पर वह राजस्थान रोडवेज की बस में सवार हुआ और ड्राइवर के पास वाली सीट पर बैठ गया। इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात बदमाश 85 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण से भरा बैग उठाकर फरार हो गए। बैग गायब होने का पता चलते ही गौरव ने शोर मचाया। बस चालक ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल से भाग रहे आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन बदमाश चकमा देकर निकल गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, एसपी सिटी, सीओ और स्वाट व एसओजी टीम सहित थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, जिससे कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। एसएसपी ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि इसी थाना क्षेत्र में दो-तीन दिन पहले भी एक व्यापारी के कर्मचारियों से करीब 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी की घटना सामने आई थी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

