home page

गोविंदपुरी स्टेशन पर 30 लाख का सोना बरामद, तस्कर और रिसीवर गिरफ्तार

 | 
गोविंदपुरी स्टेशन पर 30 लाख का सोना बरामद, तस्कर और रिसीवर गिरफ्तार


कानपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। कानपुर नगर की गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने मंगलवार को चेकिंग के दौरान 185 ग्राम सोना बरामद कर एक तस्कर और उसके रिसीवर को गिरफ्तार किया है । बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।

आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक सिद्धनाथ पाटीदार ने बताया कि गोविंदपुरी स्टेशन पर सघन चेकिंग और निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12987 के एस-दाे कोच की बर्थ संख्या 68 पर एक व्यक्ति के पास संदिग्ध स्वर्ण सामग्री मिली। पूछताछ के बाद सोना लेने पहुंचे रिसीवर को भी मौके से पकड़ लिया गया।

आरपीएफ के अनुसार बरामद सोने का वजन स्थानीय सर्राफ सम्मी भल्ला से कराया गया। दो प्लास्टिक की थैलियों में 111.2 ग्राम और 73.8 ग्राम सोना मिला। कुल 185 ग्राम सोने की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार जिले के संजय राम और कानपुर नगर के चकेरी संजीव नगर निवासी दीपक के रूप में हुई है। संजय राम कथित तौर पर सोने की तस्करी कर रहा था, जबकि दीपक रिसीवर के तौर पर सोना लेने पहुंचा था।

प्रारंभिक पूछताछ में राजस्व चोरी के उद्देश्य से सोने की तस्करी और अवैध रूप से स्वर्ण सामग्री प्राप्त करने की बात सामने आई। कार्रवाई की सूचना तत्काल डीआरआई लखनऊ को दी गई। डीआरआई अधिकारियों के पहुंचने के बाद आरपीएफ ने दोनों आरोपितों को बरामद 185 ग्राम सोने और जामा तलाशी के सामान के साथ अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए डीआरआई लखनऊ के सुपुर्द कर दिया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप