home page

दिनहाटा में सोना तस्करी का भंडाफोड़, 90 लाख से अधिक के सोने के साथ एक गिरफ्तार

 | 
दिनहाटा में सोना तस्करी का भंडाफोड़, 90 लाख से अधिक के सोने के साथ एक गिरफ्तार


कूचबिहार, 09 सितंबर (हि. स.)। जिले के दिनहाटा थाना अंतर्गत साहेबगंज इलाके में पुलिस ने सोना तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान रेजाउल हक के रूप में हुई है। वह साहेबगंज थाना क्षेत्र के चौधरीहाट ग्राम पंचायत इलाके का रहने वाला बताया गया है। साहेबगंज इलाके में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 681 ग्राम से अधिक वजन के पांच सोने के बिस्कुट बरामद किए है। जब्त सोने की अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आरोपित को बुधवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस उससे पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीमा पार सोना तस्करी की सूचना पाकर साहेबगंज रोड पर मंगलवार देर रात नाका चेकिंग बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। तलाशी लेने पर उसकी पतलून की बेल्ट के अंदर छिपाकर रखे गए पांच सोने के बिस्कुट बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपित ने शुरुआत में बरामद सोने के स्रोत के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद सोने को जब्त कर आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रेजाउल हक को यह सोना कहां से मिला और वह इसे किसे पहुंचाने वाला था।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपित किसी बड़े सोना तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

दिनहाटा और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में हाल के दिनों में सोना तस्करी के कई मामले सामने आए हैं। कुछ दिन पहले सीमा क्षेत्र में टेनिस गेंदों के अंदर छिपाकर रखे गए सोने के बिस्कुट बरामद किए गए थे। इसके बाद जांच एजेंसियों ने इलाके में सक्रिय संगठित तस्करी नेटवर्क की आशंका जताई थी।

वहीं, पिछले महीने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर भी बड़ी कार्रवाई में करीब 900 ग्राम सोना बरामद किया गया था, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई गई थी। मामले में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार