home page

बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहा युवक दबोचा गया

 | 
बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहा युवक दबोचा गया


सीवान, 31 मई (हि.स.)। रेलवे स्टेशन पर एक यात्री के बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहे एक शातिर अपराधी को आरपीएफ की क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड तथा जीआरपी सीवान ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया.।

गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी किया गया सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया गया है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश एवं आरपीएफ पोस्ट सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में सीपीडीएस टीम और जीआरपी सीवान द्वारा सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर गश्त एवं आपराधिक गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी।

इसी दौरान पूर्वी चंपारण जिले के हरैया थाना क्षेत्र के तुमरिया गांव निवासी रेल यात्री पेंटर तिवारी के बच्चे के गले से सोने का लॉकेट छीनकर भाग रहे एक युवक को जवानों ने पीछा कर धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क्षेत्र के नया किला चिक टोली निवासी 19 वर्षीय मासूम अली के रूप में हुई है।

पूछताछ में पता चला कि वह छपरा-गोरखपुर रेलखंड के विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में घूम-घूमकर यात्रियों के कीमती सामानों की चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था।

आरोपी के पास से एक सोने का लॉकेट बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

बरामद लॉकेट को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा गया है.इस संबंध में रेल थाना सिवान में कांड संख्या 90/26 प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस अभियान में जीआरपी के पुअनि सुरेश राम, सीपीडीएस टीम के सउनि शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, आरपीएफ के सउनि छोटे लाल सिंह यादव, कांस्टेबल विजय कुमार यादव, अमरेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा, कांस्टेबल बिन्देश्वर साह गौड़ तथा जीआरपी के सिपाही श्रवण कुमार और राज कुमार शामिल रहे.

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma