home page

सोने के गहने पॉलिश करने के बहाने लाखों के जेवरात लेकर फरार

 | 

मेदिनीपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ प्रखंड अंतर्गत बेलदा थाना क्षेत्र के देउली इलाके में शनिवार सुबह सोने के गहने पॉलिश करने के नाम पर लाखों रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार होने का मामला सामने आया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, देउली निवासी सबिता राय शनिवार सुबह अपने घर पर थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति पतंजलि कंपनी के विभिन्न सामान बेचने के नाम पर उनके घर में दाखिल हुए। आरोप है कि दोनों ने घर में रखे सोने के दो पोला (कड़े) को पॉलिश कर चमकाने की पेशकश की।

आरोप है कि पॉलिश करने के बहाने दोनों व्यक्तियों ने कथित रूप से सोने के गहने अपने कब्जे में ले लिए और मौका पाकर वहां से फरार हो गए। दोनों गहनों की कीमत करीब लाखों रुपये बताई जा रही है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में चर्चा फैल गई।

सूचना मिलने पर बेलदा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता