home page

ज्वेलर्स से 15 लाख के सोने के सिक्के ठगे: कागज की गड्डियों पर लगाए असली नोट

 | 
ज्वेलर्स से 15 लाख के सोने के सिक्के ठगे: कागज की गड्डियों पर लगाए असली नोट


जयपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। संजय सर्किल थाना इलाके में एक ज्वेलर्स से 15 लाख रुपए कीमत के सोने के सिक्के ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार संगठित गिरोह के बदमाशों ने पहले फोन कर सोने के सिक्कों का ऑर्डर दिया। इसके बाद ज्वेलरी शोरूम के कर्मचारियों को कागज की गड्डियों के ऊपर और नीचे असली 500 रुपए के नोट लगाकर थमा दिए। बैंक की चेस्ट शाखा की सील लगी गड्डियां देखकर कर्मचारियों ने बिना गिने ही भुगतान स्वीकार कर लिया और बदमाशों को सोने के सिक्के सौंप दिए। बाद में गड्डियां खोलकर देखने पर ठगी का पता चला। शोरूम मैनेजर ने संजय सर्किल थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पडताल में जुट गई है।

थानाधिकारी उमेश बेनीवाल के अनुसार एमआई रोड स्थित मैसर्स जेकेजे एंड संस ज्वेलर्स के मैनेजर राजेश शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उनकी फर्म सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद-बिक्री का काम करती है। जहां 6 नवंबर को दोपहर करीब 1:26 बजे शोरूम के मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति का फोन आया। कॉल रिसीव करने वाले कर्मचारी विक्रम सिंह से उसने 5-5 ग्राम के 20 सोने के सिक्के खरीदने की इच्छा जताई।

दोपहर करीब 2:05 बजे आरोपी ने दोबारा फोन कर सोने के सिक्कों का सौदा तय किया। उसने भुगतान जयपुर में रहने वाले अपने परिचित के माध्यम से करवाने की बात कही। इस पर कर्मचारी विक्रम सिंह ने वॉट्सऐप के जरिए टोकन नंबर और 15 लाख 10 हजार रुपए की कच्ची पर्ची भेज दी। इसके बाद वॉट्सऐप पर बातचीत होती रही। सिक्के खरीदने वाले व्यक्ति ने आकाश जैन नाम के व्यक्ति का मोबाइल नंबर देकर उसे माल सौंपने और उससे भुगतान लेने को कहा।

आकाश जैन से संपर्क करने पर उसने मनीष नाम के व्यक्ति से मिलने की बात कही और चांदपोल बाजार स्थित मोहम्मदी होटल की लोकेशन भेज दी। इसके बाद शोरूम से 5-5 ग्राम के 20 सोने के सिक्के, कुल 100 ग्राम सोना, लेकर कर्मचारी ब्रजमोहन और मनीष शर्मा को वहां भेजा गया।

इसके बाद शाम करीब 7:30 बजे दोनों कर्मचारी लोकेशन पर पहुंचे और मनीष के दिए मोबाइल नंबर पर कॉल किया। उसने पांच मिनट में आने की बात कहकर इंतजार करने को कहा। कुछ देर बाद मनीष नाम का व्यक्ति वहां पहुंचा। उसने टोकन नंबर बताकर आईसीआईसीआई बैंक की चेस्ट शाखा की सील लगी 500-500 रुपए के नोटों की तीन गड्डियां दीं। प्रत्येक गड्डी में 10-10 हजार रुपए के नोटों की पैकिंग बताई गई और कुल 15 लाख रुपए का भुगतान किया गया।

कर्मचारियों ने रुपए गिनने की बात कही तो आरोपी ने बैंक की चेस्ट शाखा की सील और पैकिंग का हवाला देकर गड्डियां गिनने की जरूरत नहीं बताई। आसपास भीड़ होने और आरोपी की बात पर विश्वास करते हुए दोनों कर्मचारियों ने बिना गिने और जांच किए गड्डियां बैग में रख लीं। वहीं शेष 10 हजार रुपए का भुगतान आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति से ऑनलाइन करवाया। इसके बाद कर्मचारी सोने के सिक्के देकर भुगतान लेकर शोरूम लौट आए। कैश काउंटर पर बैग से रुपए निकालकर गड्डियां खोली गईं तो ठगी का खुलासा हुआ। प्रत्येक गड्डी में ऊपर और नीचे असली जैसे 500 रुपए के नोट लगे थे, जबकि बीच में नोटों की जगह कागज के टुकड़े और खाली कागज भरे हुए थे। इस तरह बैंक की सील लगी गड्डियों का झांसा देकर गिरोह 100 ग्राम सोने के सिक्के लेकर फरार हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश