हाईवे पर बकरा व्यापारियों से 4.31 लाख की लूट
कानपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। शिवराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-अलीगढ़ हाईवे बाईपास पर बदमाशों ने गुरुवार को बकरा व्यापारियों की वैन रोककर 4.31 लाख रुपये लूट लिए। दुबियाना अंडरपास और गंगा रोड अंडरपास के बीच हुई वारदात में एक्सयूवी सवार बदमाशों ने पहले ईको वैन को रोककर उस पर लाठी-डंडों से हमला किया और शीशे तोड़ दिए। इसके बाद तमंचा दिखाकर व्यापारियों से रुपये मांगे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
चौबेपुर निवासी बकरा व्यापारी शाहिद और आदिल दो अन्य साथियों के साथ किराये की ईको वैन से बकरा खरीदने कन्नौज जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक्सयूवी सवार तीन-चार बदमाश पहुंचे और वैन के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रास्ता रोक दिया।
बदमाशों ने वैन पर हमला करने के बाद व्यापारियों को हथियार दिखाकर रकम अपने कब्जे में ले ली। व्यापारियों के दो अन्य साथियों के पास अलग रखे रुपये बदमाशों की नजर में नहीं आए। इस कारण उनकी रकम सुरक्षित बच गई। वारदात के बाद बदमाश एक्सयूवी से कन्नौज की ओर निकले, लेकिन कुछ दूरी पर गाड़ी मोड़कर कानपुर की तरफ भाग गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और व्यापारियों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर एक्सयूवी और उसमें सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की पहचान के लिए जांच की जा रही है और जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

