home page

मुजफ्फरपुर: निजी मॉल में काम करने वाली युवती ने फंदे से लटककर दी जान,

 | 
मुजफ्फरपुर: निजी मॉल में काम करने वाली युवती ने फंदे से लटककर दी जान,


मुजफ्फरपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)।

उत्तर बिहार की व्यावसायिक राजधानी कहे जाने वाले मुजफ्फरपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के गोला बांध रोड स्थित एक किराए के मकान में 25 वर्षीय युवती ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते वहां स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मृतक युवती की पहचान श्वेता कुमारी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सकरा थाना क्षेत्र के नेमोपुर मुरलिया चक की मूल निवासी थी और उसके पिता विनोद ठाकुर पेशे से एक किसान हैं। जानकारी के अनुसार, श्वेता पिछले करीब डेढ़ साल से गोला बांध रोड स्थित शिवनंदन शाह के मकान में किराएदार के रूप में रह रही थी। स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह मुजफ्फरपुर के ही एक निजी मॉल में नौकरी करती थी। वह अपने परिवार की बड़ी बेटी थी और उसके दो छोटे भाई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही गांव से परिजन मुजफ्फरपुर पहुंचे, जिसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता विनोद ठाकुर और भाइयों के लिए यह यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि जो बेटी उनके भविष्य के सपने संजो रही थी और आत्मनिर्भर होकर घर की मदद कर रही थी, उसने अचानक ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठा लिया। फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर थाना की पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। मामले की गहराई से जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल की टीम ने कमरे से साक्ष्य एकत्रित किए हैं ताकि मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके। पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या यह मामला मानसिक तनाव से जुड़ा है या इसके पीछे कोई अन्य निजी कारण था।

मामले की पुष्टि करते हुए नगर पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि गोला बांध रोड में एक युवती के सुसाइड की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक छानबीन पूरी कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की तह तक पहुंचा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार