home page

काम दिलाने के बहाने मां को झांसा देकर दो बच्चों का अपहरण, पुलिस ने महिला आरोपी को दबोचा, दोनों बच्चियां सकुशल बरामद

 | 
काम दिलाने के बहाने मां को झांसा देकर दो बच्चों का अपहरण, पुलिस ने महिला आरोपी को दबोचा, दोनों बच्चियां सकुशल बरामद


भागलपुर, 13 सितंबर (हि.स.)।

भागलपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्टेशन से अगवा की गई दो मासूम बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया है।

इस मामले में पुलिस ने आदमपुर (जोगसर) की रहने वाली आरोपी महिला रिंकी कुमारी को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ सिटी-1 ने रविवार को प्रेस वार्ता कर इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, झारखंड के गोड्डा जिले की रहने वाली संचो देवी अपने तीन बच्चों के साथ 9 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे भागलपुर स्टेशन पहुंची थीं। गोड्डा जाने वाली ट्रेन छूट जाने के कारण वे रात में बच्चों के साथ स्टेशन पर ही रुक गईं।

10 सितंबर की सुबह एक अज्ञात महिला उनके पास आई और काम दिलाने का झांसा देकर उन्हें अपने साथ टोटो से बरारी सब्जी मार्केट ले गई। बरारी सब्जी मार्केट के पास आरोपी महिला ने एक कमरा किराए पर लेने की बात कही और बताया कि मकान मालिक एडवांस पैसे मांग रहा है।

संचो देवी अपने एक बच्चे को साथ लेकर पास के सीएसपी से पैसे निकालने चली गईं। जब वह पैसे निकालकर लौटीं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। वह अज्ञात महिला उनके बाकी दो बच्चों को लेकर रफूचक्कर हो चुकी थी। पीड़ित मां ने तुरंत बरारी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ नगर-01, बरारी थानाध्यक्ष और तकनीकी शाखा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय इनपुट का वैज्ञानिक विश्लेषण करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत एक बच्ची को झारखंड के गोड्डा जिले से और दूसरी बच्ची को भागलपुर के मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।

इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी महिला रिंकी कुमारी (पति- सुमित सिंह, निवासी- आदमपुर, जोगसर) को पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर