तीन दिन से लापता युवती का कुएं में मिला शव
औरैया, 22 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सहायल थाना क्षेत्र के पुरवा कन्हाई गांव में तीन दिन से लापता 23 वर्षीय युवती संध्या का शव शनिवार को घर से करीब 300 मीटर दूर एक कुएं में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
संध्या के पिता वीरेंद्र कुमार ने बताया कि 19 अगस्त की सुबह उनकी बेटी अपने भाई बालमुकुंद के साथ चिचौली स्थित जिला अस्पताल दवा लेने गई थी। दोनों दोपहर करीब दो बजे घर लौट आए थे। इसके बाद शाम करीब चार बजे संध्या अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। रिश्तेदारियों के अलावा दिबियापुर रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर भी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
21 अगस्त को पिता वीरेंद्र कुमार ने सहायल थाने पहुंचकर बेटी के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। शनिवार को वीरेंद्र कुमार खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पास स्थित कुएं पर पड़ी। कुएं के पानी में उन्हें एक शव दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की शिनाख्त संध्या के रूप में की। घटना की जानकारी पर सीओ सिटी औरैया तथा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

