home page

ग्वालियरः गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करने के लिए ट्रेनों में चोरी करने लगा इंजीनियर, जीआरपी ने किया गिरफ्तार

 | 
ग्वालियरः गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करने के लिए ट्रेनों में चोरी करने लगा इंजीनियर, जीआरपी ने किया गिरफ्तार


ग्वालियर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने ट्रेनों में चोरी करने के आरोप में एक इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक मौर्य के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बीटेक कर चुका है और उसके पिता एयरफोर्स में अधिकारी हैं। आरोप है कि वह ट्रेनों के एसी कोच में यात्रियों का सामान चोरी करता था और चोरी से मिले पैसों से दिल्ली में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करता था।

पुलिस ने आरोपी के थाटीपुर क्षेत्र के गौतम नगर स्थित किराये के फ्लैट पर दबिश देकर तीन दर्जन से अधिक सूटकेस और ट्रॉली बैग सहित करीब 8.26 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में लैपटॉप और चार मोबाइल फोन भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, दीपक मौर्य रात के समय ग्वालियर रेलवे स्टेशन से एक सूटकेस लेकर बाहर निकल रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात जीआरपी के एक कांस्टेबल ने उससे टिकट दिखाने को कहा। आरोपी टिकट नहीं दिखा सका। वह सूटकेस के अंदर रखे सामान के बारे में भी संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया। इस पर पुलिस को संदेह हुआ और पूछताछ शुरू की गई।

पुलिस के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने सूटकेस में रखा सामान चोरी का होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसके ठिकाने का पता लगाकर फ्लैट पर छापा मारा, जहां बड़ी संख्या में ट्रॉली बैग और अन्य सामान मिला।

जांच में सामने आया कि दीपक ने अपने परिवार को बताया था कि वह एक फाइनेंस कंपनी में एजेंट के रूप में काम करता है और ग्वालियर में रहता है। पुलिस के अनुसार, वह इसी दौरान कथित रूप से ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

आरोपी के पिता एयरफोर्स में अधिकारी हैं, जबकि उसकी बहनों के पति भी अच्छी नौकरियों में हैं। इसके बावजूद उसके ट्रेनों में चोरी करने के मामले ने पुलिस को भी हैरान किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2026 में होली के आसपास से ट्रेनों में चोरी करने लगा था। वह मुख्य रूप से एसी कोच में यात्रा करने वाले यात्रियों के सामान को निशाना बनाता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह चोरी का सामान अपने किराये के फ्लैट में जमा करता था।

बताया गया है कि गौतम नगर स्थित फ्लैट का किराया 14 हजार रुपये प्रतिमाह था। पुलिस को वहां से बड़ी संख्या में सूटकेस और लगेज बैग मिले। आरोपी कुछ ट्रॉली बैग से सामान निकालने के बाद उन्हें झुग्गी बस्तियों में लोगों को दे देता था।

जीआरपी ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, ट्रॉली बैग, सूटकेस और अन्य सामग्री सहित कुल 8.26 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस अब बरामद सामान के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और चोरी की अन्य वारदातों से आरोपी के संबंधों की जांच कर रही है।

जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि आरोपी कथित तौर पर महीने की विषम तारीखों पर चोरी करना पसंद करता था। इनमें तीन, पांच और सात तारीख जैसी तिथियां शामिल बताई गई हैं। हालांकि, इस कथित पैटर्न और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच से होगी।

जीआरपी मामले में आगे की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया और बरामद सामान किन यात्रियों का है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा