शादी का वादा कर युवती से दुष्कर्म, आराेपित युवक की तलाश शुरु
मुरादाबाद, 11 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के थाना बिलारी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल को दिए शिकायती पत्र में बरेली निवासी युवक पर शादी का वादा कर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। साथ ही पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपित ने थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में एसएसपी के आदेश पर थाना बिलारी पुलिस में सोमवार को आरोपित अनस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बिलारी के एक गांव निवासी ग्रामीण की बेटी की तहरीर पर आज दर्ज हुई रिपोर्ट के अनुसार काम के सिलसिले में दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहने के दौरान उसकी मुलाकात बरेली जिले के मोहनपुर गांव निवासी अनस से हुई। युवती के अनुसार अनस ने उससे शादी करने का वादा करके उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती द्वारा यह बात अपने माता पिता को बताने पर 4 नवंबर 2025 को अनस से उसकी मंगनी की रस्म पूरी कर दी गई। इसके बाद भी आरोपित ने निकाह नहीं किया। इसके बाद जब पीड़िता ने बीते माह 25 अप्रैल को आरोपित से शादी करने की बात की तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने जब मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कहीं तो आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
मामले में पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर थाना बिलारी पुलिस ने आज मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

