नाबालिग बालिका के अपहरण-दुष्कर्म का आराेपित गिरफ्तार
कांकेर, 17 अगस्त (हि.स.)। कांकेर जिले के पखांजूर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में एक आराेपित दीपक सरकार को उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने अपहृत नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर थाना पखांजूर में आराेपित के विरूद्ध कार्रवाई
उपरांत आज साेमवार काे न्यायिक अभिरक्षा में रवाना कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 01 अप्रैल 2026 को प्रार्थी दीपक सरकार ने थाना पखांजूर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मार्च की रात करीब 9:30 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद घर में बैठे थे। इसी दौरान उनकी नाबालिग बेटी अपनी मां को बाथरूम जाने की बात कहकर घर से बाहर निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आस-पास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन बालिका का पता नहीं चल सका।
परिजनों ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। रिपोर्ट के आधार पर पखांजूर थाने में गुम इंसान क्रमांक 14/2026 एवं अपराध क्रमांक 65/2026, धारा 137 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस साक्ष्यों और साइबर सेल की सहायता से लगातार निगरानी और पतासाजी के दाैरान अपहृत बालिका और संदेही आरोपी मिन्टू मंडल (21) के उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही पखांजूर पुलिस और साइबर सेल की टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई। टीम ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया और आराेपित मिन्टू मंडल को पकड़कर पखांजूर लाया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आराेपित ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

