home page

अनूपपुर: नाबालिग प्रेमिका संग मिलकर लड़की की हत्या की, 3 गिरफ्तार

 | 
अनूपपुर: नाबालिग प्रेमिका संग मिलकर लड़की की हत्या की, 3 गिरफ्तार


अनूपपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की जैतहरी थाना अंतगर्त वेंकटनगर चौकी पुलिस ने निगौरा के जंगल में मिली 16 वर्षीय लड़की की मौत की गुत्थी सुलझाते हुए बुधवार को इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक युवक और दो नाबालिग शामिल हैं।

चौकी प्रभारी वेंकटनगर उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार साहू ने बुधवार को बताया कि मामले की शुरुआत 15 अप्रैल को हुई, जब सिंघौरा निवासी शैलेश महरा ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पत्नी (किशोरी) 14 अप्रैल से निगौरा रेलवे स्टेशन से लापता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की ही थी कि 18 अप्रैल को उमरिया बीट के जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ लड़की का शव बरामद हुआ। परिजन ने उसकी पहचान शहडोल जिले की रहने वाली गुड़िया मेहरा (बदला हुआ नाम) के रूप में की। पूछताछ में पता चला कि मृतका गुड़िया अपनी बड़ी बहन के घर सिंघौरा आई थी, जहां उसका प्रेम प्रसंग अपनी बहन के देवर शैलेश महरा से शुरू हो गया। लेकिन कहानी में मोड़ तब आया जब पता चला कि शैलेश का संबंध एक अन्य नाबालिग लड़की से भी था।

दो नाबालिगों के साथ मिलकर रची साजिश

चौकी प्रभारी प्रवीण साहू के अनुसार, शैलेश ने गुड़िया को रास्ते से हटाने के लिए अपने दूसरे प्रेम संबंध वाली लड़की और एक अन्य नाबालिग लड़के के साथ मिलकर साजिश रची। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला