कार सवार युवकों ने किया युवती का अपहरण, मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के बाजार में शनिवार को ज्वेलरी खरीदने गई युवती को दो युवकों ने अगवा कर ले जाने का मामला सामने आया है।मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मौदहा कस्बे के मोहल्ला हैदरिया निवासी इस्लाम खां ने कोतवाली में दिए शिकायती पत्र में बताया कि, उसकी लड़की मन्तशा बाजार गई थी, तभी सुनारों वाली गली में केडीए कानपुर निवासी नवनीत सिंह यादव और अंकित ने उसकी बेटी को जबरदस्ती कार संख्या यूपी 78 जेसी 4799 में मुंह दबाकर डाल लिया और अपहरण कर ले गए। पीड़ित ने बताया कि उक्त दोनों युवकों की सीसीटीवी रिकॉर्ड और मोबाईल लोकेशन आदि सब कुछ है। पीड़ित ने बताया कि, उसकी लड़की दो सोने की चेन और एक लाख रुपये नकदी भी लिए थी। पीड़ित ने अपनी पुत्री की हत्या की आंशका जताई है। तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा गय़ा है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

