home page

खेत के कुएं में मृत मिली 17 वर्षीय बालिका, एक दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी

 | 
खेत के कुएं में मृत मिली 17 वर्षीय बालिका, एक दिन पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी


आगरमालवा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। आगरमालवा जिले के नलखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम धरोला में शुक्रवार सुबह 17 वर्षीय बालिका का शव उसके ही खेत में बने कच्चे कुएं में मिला। बालिका की पहचान ममता पुत्री हेमराज बामनिया के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।

जानकारी के अनुसार, ममता के लापता होने पर परिजनों ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे नलखेड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे ममता अपने खेत में बने कच्चे कुएं में मृत अवस्था में मिली। परिजन उसे तत्काल नलखेड़ा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, बालिका की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा