home page

झाबुआ में दर्दनाक हादसा: नदी में नहाने गई 12 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत

 | 
झाबुआ में दर्दनाक हादसा: नदी में नहाने गई 12 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत


झाबुआ, 16 मार्च (हि.स.)। जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के कल्याणपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाडल घाटी नदी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी में नहाने गई 12 वर्षीय बालिका की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

जानकारी के अनुसार नवापाड़ा नवीन निवासी बालिका शिवानी, पिता पारू रावत अपने मामा के घर ग्राम पाडल आई हुई थी। सोमवार दोपहर वह आसपास के बच्चों के साथ पाडल घाटी नदी में नहाने के लिए चली गई। इसी दौरान नदी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई।

बताया जा रहा है कि बालिका को तैरना भी ठीक से नहीं आता था। जब वह पानी में डूबने लगी तो आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया और गहरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा