युवती की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, गांव में पुलिस बल तैनात
पन्ना, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर में बुधवार को एक युवक ने अवैध कट्टे से फायरिंग कर 25 वर्षीय युवती की हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुुबह लक्ष्मीपुर निवासी आरती यादव पर गांव के ही विनोद यादव ने अचानक अवैध कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल पन्ना लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, हालांकि रीवा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
बताया गया है कि घटना के दौरान युवती को बचाने पहुंचे उसके भाई आकाश यादव पर भी आरोपी ने फायर किया, लेकिन निशाना चूक जाने से उसकी जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रोहित मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी विनोद यादव को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से अवैध कट्टा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। कुछ लोगों द्वारा आरोपी और उसके पिता के साथ मारपीट किए जाने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश पांडे

