home page

अस्पताल से घर लौट रही युवती से बदसलूकी, बहन से छेड़छाड़ की कोशिश, एफआईआर

 | 
अस्पताल से घर लौट रही युवती से बदसलूकी, बहन से छेड़छाड़ की कोशिश, एफआईआर


शिमला, 25 सितंबर (हि.स.)। शिमला जिले के रोहड़ू थाना क्षेत्र में अस्पताल से बहन और भाई के साथ घर लौट रही एक युवती का कथित तौर पर कार और स्कूटर सवार लोगों ने पीछा किया। आरोपियों ने युवती और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उसकी बहन से छेड़छाड़ की भी कोशिश की गई। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर विभिन्न आपराधिक धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार एक युवक ने युवती के साथ बदसलूकी करते हुए उसे गलत तरीके से छुआ और उसकी बहन के साथ भी छेड़छाड़ की कोशिश की। घटना में युवती को चोटें आई हैं।

शिकायत में रोहडू निवासी एक युवती ने बताया कि वह अपनी बहन और भाई के साथ अस्पताल से घर लौट रही थी। इसी दौरान एक नीली ऑल्टो कार और एक नीले रंग के स्कूटर पर सवार लोग उनका पीछा करते हुए उनके घर तक पहुंचे।

शिकायत के मुताबिक घर पहुंचने के बाद कार और स्कूटर में सवार लोगों ने अंचल और उसके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। इस दौरान अंचल को चोटें आईं। आरोप है कि एक युवक ने उसके साथ बदसलूकी की और उसे गलत तरीके से छुआ। इसी दौरान उसने अंचल की बहन के साथ भी छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। शिकायत में भाई के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के वहां पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। वाहनों में सवार एक पुरुष और एक महिला पर भी शिकायतकर्ता और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज करने तथा मुख्य आरोपी को मौके से भागने में मदद करने का आरोप लगाया गया है।

रोहडू पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74, 78, 115(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि मामले की जांच जारी है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित लोगों से पूछताछ सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा