नकदी और जेवरात लेकर युवती फरार, मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चांदथोक से एक युवती घर में रखे 25 हजार नकद, सोने चांदी के जेवरात लेकर गायब हो गई है। मंगलवार को पिता ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सुमेरपुर कस्बे की छोटी बाजार चांदथोक निवासी एक किसान ने बताया कि वह पत्नी के साथ खेतों में फसल की कटाई करने गया था। घर में बहू और पुत्री थी। घर लौटने पर बहू ने बताया कि पुत्री बिना बताए गायब है। आसपास पता किया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। किसान ने बताया कि पुत्री अपने साथ मटर बेचकर घर में रखे गए 25 हजार नकद, एक सोने की अंगूठी, कान के बाले, चांदी के पायल के साथ शैक्षिक अभिलेख साथ ले गई है।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने मंगलवार को शाम बताया कि अज्ञात के खिलाफ युवती को बहला फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

