सागर में दुस्साहस: चाकू की नोक पर घर से युवती का अपहरण, बचाने आई मां पर हमला
सागर, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बड़तूमा इलाके में एक बदमाश ने युवती का उसके घर से ही चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया। विरोध करने पर आरोपित ने युवती की मां पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार काे युवती अपनी मां के साथ घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और युवती को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। मां ने बीच-बचाव कर बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपित ने खंजर निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराई युवती मां की सुरक्षा को देखते हुए आरोपित के साथ जाने को मजबूर हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवती को धमकाते हुए अपने साथ ले जाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि युवती जब अपनी मां के पास लौटने की कोशिश करती है, तो आरोपी हथियार दिखाकर उसे डराता है और जबरन साथ ले जाता है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि वायरल वीडियो मकरोनिया थाना क्षेत्र का प्रतीत हो रहा है और इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 137 (अपहरण) सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपित की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। अधिकारियों का कहना है कि युवती को सुरक्षित बरामद करने और आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

