घुटियारी शरीफ में पंचायत प्रधान से पूछताछ में मिले चार और हथियार
दक्षिण 24 परगना, 03 जुलाई (हि. स.)। जिले के घुटियारी शरीफ इलाके में गिरफ्तार पंचायत प्रधान से पूछताछ के बाद पुलिस ने चार और आग्नेयास्त्र बरामद किए हैं। कुछ दिन पहले तृणमूल कांग्रेस संचालित नारायणपुर पंचायत के प्रधान सलाउद्दीन सरदार को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस हिरासत में उनसे लगातार पूछताछ की जा रही थी। पूछताछ के दौरान उन्होंने कुछ अहम जानकारियां दीं।
पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर गुरुवार रात नारायणपुर क्षेत्र के बनमालीपुर आदर्श संघ क्लब के पास तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान एक पेड़ के नीचे झाड़ियों में सफेद बोरियों में छिपाकर रखे गए चार एकनली बंदूक बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दबाव में सलाउद्दीन सरदार खुद उस स्थान पर पहुंचे और हथियार छिपाने की जगह दिखाई। इसके बाद पुलिस ने वहां से चार बंदूक बरामद कर लिए।
स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली तृणमूल नेता और पंचायत प्रधान की निशानदेही पर बार-बार हथियार मिलने की घटना से नारायणपुर इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

