एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के जेई व संविदा कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा
वाराणसी, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और एक लाइनमैन (संविदा कर्मी ) को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों कर्मचारियों को थाना रोहनिया में दाखिल कर उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है।
एंटी करप्शन टीम के ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक दिग्विजयनाथ तिवारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वाराणसी के उत्तरी ककरमत्ता थाना मंडुआडीह निवासी शुभम श्रीवास्तव के लिखित शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछा कर योजनाबद्ध तरीके से दोनों आरोपितों को 33/11 केवी डीपीएच पावर हाउस मंडुआडीह के पास से 20 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया । गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण कुमार (लाइनमैन, संविदाकर्मी) निवासी नैपुरा कला थाना लंका वाराणसी और नवनीत कुमार (जूनियर इंजीनियर) निवासी जवांवा थाना गोपीगंज जनपद भदोही शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना रोहनिया, कमिश्नरेट वाराणसी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

