home page

घासमंडी में हुई सिगरेट नकबजनी का खुलासा : चार नकबजन सहित खरीददार भी पकड़ा

 | 
घासमंडी में हुई सिगरेट नकबजनी का खुलासा : चार नकबजन सहित खरीददार भी पकड़ा


जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। शहर के अंदरूनी क्षेत्र घासमंडी में शनिवार- रविवार की मध्य रात होलसेल की दुकान से पांच लाख की सिगरेट चोरी का सदर बाजार पुलिस ने खुलासा करते हुए चार नकबजनों को बीकानेर से पकड़ा है। इनके साथ ही एक माल खरीददार भी पकड़ा गया है। कुल पांच लोग गिरफ्तार किए गए है। आरोपी वारदात करने से पहले जोधपुर रेलवे स्टेशन के सामने रात को ही एक गेस्ट हाउस पर रूम किराए पर लेकर रूके थे। वारदात कर वापिस बीकानेर चले गए। पुलिस को गेस्ट हाउस में एक व्यक्ति का आधार कार्ड के नंबर और मोबाइल नंबर से उसे टे्रस कर पता लगाया गया। तो मामले की तह तक पुलिस पहुंची और पीछा करते हुए बीकानेर से पूरी गैंग को पकड़ लाई। एक आरोपी का पिता होमगार्डकर्मी बताया गया है। बेची गई सिगरेट से अपनी नशे की लत के साथ महंगे कपड़े भी खरीद लिए। फिलहाल पुलिस पांचों से पूछताछ में जुटी है। एक और की तलाश जारी है।

सदर बाजार थानाधिकारी माणकराम ने बताया कि शनिवार- रविवार की मध्य रात 1.50 से दो बजे के बीच घासमंडी क्षेत्र में एक होलसेल की दुकान से भारी मात्रा में सिगरेट चोरी हुई थी। दुकान में घुसे चोरों ने तीन बैगेज में पांच लाख की सिगरेट चोरी कर फरार हुए थे। रात तक पुलिस की गश्त थी। पुलिस की गश्ती गाड़ी निकलने के बाद यह लोग दुकान पर पहुंचे थे। रात तकरीबन 3 बजे किसी राहगीर ने सूचना दी कि दुकान का शटर खुला पड़ा है। इस पर पुलिस वापिस वहां पहुंची। बाद में दुकान पर मिले पर नंबर से मालिक का पता लगा कर सूचना दी गई। दुकान से महंगी सिगरेटें तकरीबन पांच लाख की चोरी होना बताया गया।

थानाधिकारी माणकराम के अनुसार चोरी का पता लगने पर अभय कमाण्ड से लेकर शहर के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। बाद में गैंग का पता लगा कि यह लोग रेलवे स्टेशन की तरफ एक प्लेटफार्म के पास सीढिय़ों से चढ़ते देखे गए। इस पर जीआरपी, आरपीएफ आदि को सूचना दी गई। ताकि टे्रनों में उन संदिज्ध की पहचान की जा सके।

गेस्ट हाउस से मिला क्लू :

थानाधिकारी माणकराम ने बताया कि जांच पड़ताल करते हुए पुलिस जोधपुर रेलवे स्टेशन के सामने एक गेस्ट हाउस पर पहुंचे और रजिस्टर चेक किए तो पता लगा कि चार लोग ठहरे थे। जिनमें एक ने अपना आधार कार्ड दिया हुआ था। जिस पर एडे्रस कन्फर्म करने के साथ फोटो से पहचान के प्रयास किए गए। तब पता लगा कि उस शख्स का एक और आपराधिक रिकार्ड रहा है। जोकि वह हो सकता है। इस पर पुलिस उसके एडे्रस बीकानेर तक पहुंची। फिर कड़ी से कड़ी जुड़ती गई।

इन पांच लोगों को पकड़ा गया :

थानाधिकारी माणकराम ने बताया कि पुलिस ने अब चार नकबजन सहित पांच लोगों जिनमें बीकानेर के लाल क्वार्टर निवासी फरमान उर्फ लक्की पुत्र अमजद खां, निगम के पास रावतों का मोहल्ला बीकानेर सदर निवासी पीयूष रावत पुत्र दिनेश रावत, कूचिलपुरा जूनागढ़ सदर बीकानेर का सोयल पुत्र इकबाल, अमरसिंहपुरा बीकानेर निवासी करण पुत्र हनुमान ढोली एवं मोदी बगेची बीकानेर निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र मो. अनवर को गिरफ्तार किया गया।

माल बेचा, नए कपड़े ,खरीदे और नशे का शौक पूरा किया :

आरंभिक पड़ताल में मालूम हुआ कि आरोपी आदतन नशेड़ी है। शौक मौज पूरा करने के लिए चोरियां करते है। सिगरेट चोरी कर उसे बेची गई और फिर रूपयों से नए कपड़े भी खरीदें साथ ही नशा और अन्य जरूरतें पूरी की। पुलिस ने कुछ रूपए और काफी माल भी जब्त किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश