home page

झाबुआ: थांदला थाना क्षेत्र में फिर घटित हुई गौकशी की घटना में तीन आरैपित गिरफ्तार, चार फरार

 | 
झाबुआ: थांदला थाना क्षेत्र में फिर घटित हुई गौकशी की घटना में तीन आरैपित गिरफ्तार, चार फरार


झाबुआ, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के थान्दला थाना क्षेत्र के ग्राम मियाटी मे पुनः गोकशी की घटना हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस एक्शन में आए।

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात सात लोगों ने गौहत्या के कृत्य को कारित किया था। पुलिस द्वारा देर रात सात आरोपितों के विरुद्ध नामजद प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। गुरुवार को घटना के तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया जबकि चार आरोपित फरार हैं। पुलिस द्वारा आज शुक्रवार को फरार आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु दिनभर तलाशी अभियान चलाया जाता रहा, और विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। थांदला पुलिस द्वारा मौके से गौ मांस सहित धारदार हथियार और गौमांस भी बरामद किया गया है। घटना के बाद अनुविभागीय दंडाधिकारी थांदला एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थांदला मौके पर पहुंचे, और घटनाक्रम की जानकारी ली।

थाना प्रभारी थांदला अशोक कनेश ने मामले में जानकारी देते हुए शुक्रवार को बताया कि थान्दला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मियाटी में बुधवार रात एक खेत में सात लोगों ने मिलकर एक गाय का तेज धारदार हथियारों से निर्ममता पूर्वक कत्ल कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, और पंचनामा बनाकर मौके से दो थेले गौमांस, कुल्हाड़ी, चाकू, मांस कटर, छः लौहे के सरिए सहित अन्य सामग्री बरामद की गई, और आरोपितों के विरुद्ध मध्यप्रदेश गौवंश वध निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा गुरुवार को मामले के तीन गौ वधिक आरैपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। घटना के चार आरोपित फरार हो गए। थाना प्रभारी ने कहा कि फरार हुए आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा आज दिनभर तलाशी अभियान चलाया जाता रहा, और आज विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस मुस्तैदी से शेष आरोपितों की गिरफ्तारी हेतु कार्य कर रही है, और उन्हें जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा