रायपुर : गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, आरोपित गिरफ्तार, 16 सिलेंडर बरामद
रायपुर, 22 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर के रांवाभाटा इलाके में गैस की कालाबाजारी करने वाले एक आरोपित को खमतराई पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपित के कब्जे से 16 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
रविवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, पुलिस को सूचना मिली थी कि, रांवाभाटा क्षेत्र के बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर रखा हुआ है जो अवैध तरीके से बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां से आरोपित संजय साव निवासी ट्रांसपोर्ट नगर रावाभाठा को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 16 भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिन्हें वह अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी में था। जब्त सिलेंडर की कीमत लगभग 64 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है। आरोपित के विरुद्ध थाना खमतराई में इस्तगासा क्रमांक 03/ 26 धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही आरोपित द्वारा अवैध रूप से रखे कुल 16 इंडियन घरेलू गैस सिलेंडर के संबंध में खाद्य विभाग को पत्राचार कर अवगत कराया जायेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

