home page

गढ़ाकोटा में महिला चोर गैंग का दुस्साहस, सराफा दुकान से चांदी की पायल चोरी

 | 
गढ़ाकोटा में महिला चोर गैंग का दुस्साहस, सराफा दुकान से चांदी की पायल चोरी


सागर, 26 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के गढ़ाकोटा कस्बे में दिन-दहाड़े सराफा दुकान में हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। गणेश टॉकीज के पास स्थित एक ज्वेलरी दुकान में तीन महिलाओं ने ग्राहक बनकर प्रवेश किया और शातिर अंदाज में चांदी की पायल का पैकेट चोरी कर फरार हो गईं। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को महिलाएं खरीदारी के बहाने राकेश सोनी ज्वेलर्स पहुंचीं और दुकानदार से चांदी की पायल दिखाने को कहा। इसी दौरान उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से दुकानदार का ध्यान भटकाया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक महिला दुकानदार के सामने बैठकर उसका ध्यान दूसरी ओर लगाए रखती है। इसी बीच दूसरी महिला काउंटर पर रखा पायल का पैकेट धीरे से पीछे सरका देती है। बाद में तीसरी महिला उस पैकेट को अपने थैले में रख लेती है।

चोरी के बाद तीनों महिलाएं बिना कोई सामान खरीदे दुकान से निकल गईं। बाद में जब दुकानदार ने सामान की जांच की तो पायल का पैकेट गायब मिला। शक होने पर सीसीटीवी फुटेज देखी गई, जिसमें पूरी वारदात सामने आ गई।

घटना के बाद स्थानीय सराफा व्यापारियों में नाराजगी और भय का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह दुकानों को निशाना बना रहा है और इससे व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान करने और उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस और व्यापारिक संगठनों ने दुकानदारों से अपील की है कि दुकान पर आने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे