नशेबाजी का विरोध करने पर कूड़ा बीनने वाले की हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार
कानपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात नशेबाजी का विरोध करना कूड़ा बीनने वाले व्यक्ति को भारी पड़ गया। स्कूटी सवार दो युवकों ने पहले उसके साथ मारपीट की और तमंचे की बट से हमला किया। इसके बाद आरोपितों ने मारपीट का वीडियो बनाया और घायल के ऊपर स्कूटी चढ़ाकर भाग निकले। पुलिस घायल को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शर्मा नर्सिंग होम वाली गली की है। पुलिस के अनुसार, देर रात दो युवक स्कूटी से वहां पहुंचे थे और नशा कर रहे थे। इसी दौरान वहां कूड़ा बीन रहे व्यक्ति ने उन्हें ऐसा करने से रोका। इस पर दोनों युवकों ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा और तमंचे की बट से भी हमला किया।
आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। इसके बाद घायल व्यक्ति को सड़क पर छोड़ने के बजाय उसके ऊपर स्कूटी चढ़ा दी और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना की जांच में जुटी पुलिस ने आसपास लगे 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों आरोपित वारदात के बाद स्कूटी से जाते नजर आए। पुलिस ने फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी पहचान कर दबिश दी और दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया मोहनपुर निवासी आयुष शर्मा शामिल है, जो वर्तमान में छोटी गुटैया में अपने मामा के घर रह रहा था। दूसरे आरोपित का नाम भी आयुष शर्मा है और वह उन्नाव के मगरवारा क्षेत्र के मसवासी का रहने वाला है। पुलिस ने उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित नशे के आदी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि नशा करने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट के दौरान घटना हो गई। पुलिस वारदात के समय बनाए गए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को भी साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल कर रही है।
मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों से भी संपर्क किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है।
स्वरूप नगर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह सेंगर ने रविवार काे बताया कि केडीए चौकी प्रभारी संकित तौगड़ की तहरीर पर दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य साक्ष्य जुटा रही है और मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

