जबलपुरः गरबा पंडाल में हंगामा, हिन्दू संगठन महिला कार्यकर्ताओं ने लगाए अभद्रता और मारपीट के आरोप
जबलपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में
धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र स्थित जसूजा सिटी के गरबा पंडाल में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। आयोजन के दौरान हिंदू संगठन की महिला कार्यकर्ताओं ने कुछ लोगों पर अभद्रता और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद पंडाल में हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गरबा आयोजन के दौरान कुछ बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मौके पर मौजूद लोगों के बीच कहासुनी होने लगी। सूचना मिलते ही आयोजन स्थल पर तैनात पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई को लेकर शनिवार को देर शाम तक बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संजीवनी नगर थाने के सामने धरना देकर नारेबाजी की। बताया जा रहा है कि जसूजा सिटी के गरबा आयोजन को लेकर इससे पहले भी कथित फूहड़ता के आरोप सामने आ चुके हैं। हालांकि, ताजा विवाद में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होना अभी बाकी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

