एसएसबी और घुरना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 45 किलो गांजा जब्त
अररिया 10 सितम्बर(हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 56वीं वाहिनी, बथनाहा के जवानों ने घुरना थाना पुलिस के साथ गुरुवार की अहले सुबह संयुक्त अभियान में 45 किलो तस्करी का गांजा जब्त किया। यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बीओपी पथराहा आई समवाय क्षेत्र में की गई।
अहले सुबह एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 190/05 के समीप से नेपाल से भारत की ओर संदिग्ध सामग्री की तस्करी की योजना है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसबी और घुरना थाना पुलिस की एक विशेष संयुक्त नाका पार्टी गठित कर मौके पर तैनात की गई।करीबन सवा चार बजे दो से तीन की संख्या में संदिग्ध व्यक्ति अपने सिर पर सामान की बोरियां लादकर नेपाल सीमा से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। जैसे ही संयुक्त बल ने उन्हें घेरने का प्रयास किया, तस्कर अंधेरे और नेपाल सीमा की निकटता का लाभ उठाकर सिर पर रखी बोरियां फेंककर वापस नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
नाका पार्टी द्वारा मौके पर छोड़ी गई दो प्लास्टिक की बोरियों की जांच किट द्वारा की गई, जिसमें से 45 किलो गांजा बरामद हुआ। यह जब्ती सीमा स्तंभ संख्या 190/05 से लगभग 20 मीटर भारत की तरफ की गई।जब्त किए गए 45 किलो गांजे को अग्रिम कानूनी एवं वैधानिक कार्रवाई हेतु घुरना पुलिस थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

