एसएसबी और घूरना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 242 किलो गांजा बरामद
अररिया 11 अक्टूबर(हि.स.)।
सशस्त्र सीमा बल की 56वीं वाहिनी की सीमा चौकी डुमरबन्ना और घूरना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 242 किलो अवैध गांजा बरामद किया।
बीती रात्रि करीबन साढ़े दस बजे गुप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 194 से लगभग सौ मीटर भारत की तरफ एक विशेष संयुक्त नाका लगाया गया था।ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा बलों ने देखा कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति सिर पर भारी बंडल लादकर नेपाल से भारत की तरफ आ रहे थे। जैसे ही वे सुरक्षा बलों के पास पहुंचे, उनकी नजर नाका पार्टी पर पड़ी। जिसके बाद तस्करों ने गांजा के बंडल को फेंककर रात के अंधेरे का लाभ उठाते हुए नेपाल सीमा में प्रवेश कर गए।
सुरक्षा बलों द्वारा छोड़े गए सामान की तलाशी ली गई तो कुल 9 प्लास्टिक के बंडलों में 242 किलो गांजा बरामद किया गया। मादक पदार्थ जांच किट से जांच करने पर गांजा होने के सबूत मिला।
एसएसबी 56वीं वाहिनी की ओर से अजाज अहमद एवं अन्य कार्मिक के साथ घूरना थाना पुलिस की टीम कार्रवाई में साथ रही।बरामद किए गए गांजे को घूरना थाना पुलिस को अग्रिम कार्रवाई को।लेकर सुपुर्द किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

