home page

अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह, महिला सहित तीन गिरफ्तार

 | 
अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग बनी हत्या की वजह, महिला सहित तीन गिरफ्तार


जालाेर, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के बहुचर्चित गणपत सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों को लेकर हो रही ब्लैकमेलिंग के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया था। यह घटना रामसीन थाना क्षेत्र के मांडोली गांव की है।

पुलिस ने मामले में गजेंद्र सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह, वागाराम पुत्र कानाराम (दोनों निवासी मांडोली) और लच्छु देवी पत्नी सवाराम को गिरफ्तार किया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।

मृतक के बड़े भाई अभय सिंह ने रिपोर्ट में बताया था कि उनका भाई गणपत सिंह (42) निवासी मांडोली नगर 27 अगस्त 2024 की शाम दुकान से घर के लिए निकला था, लेकिन रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद रामसीन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अगले दिन 28 अगस्त 2024 को सिकवाड़ा रोड पर सुनसान स्थान पर गणपत सिंह का शव कीचड़ में पड़ा मिला था। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पास ही उनकी बाइक भी गिरी हुई मिली थी। शुरुआती जांच में ही पुलिस ने हत्या की आशंका जताई थी।

घटना के बाद भी लंबे समय तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों ने कई बार जालोर जिला कलेक्ट्रेट और रामसीन थाना के सामने धरना-प्रदर्शन किया।

सत्रह नवंबर 2025 को मृतक की पत्नी भारती कंवर (40), मां हवा कंवर (80), भाई अभय सिंह (54), भाभी प्रकाश कंवर (45), धीरज कंवर (42) और बेटा-बेटी ने कलेक्ट्रेट के सामने भूख हड़ताल शुरू की थी। नौ दिन बाद 25 नवंबर 2025 को प्रशासन और जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी ने जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने हड़ताल समाप्त कर दी थी।

निर्धारित समय में खुलासा नहीं होने पर परिजनों ने 27 फरवरी से दोबारा भूख हड़ताल शुरू कर दी। मृतक की पत्नी, बेटा-बेटी और अन्य परिजन लगातार नौ दिनों तक भूख हड़ताल पर बैठे रहे। 14 मार्च को प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद भूख हड़ताल समाप्त कर क्रमिक अनशन शुरू किया गया।

इस दौरान विधायक रविंद्र सिंह भाटी भी परिजनों से मिलने पहुंचे थे और मामले का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी थी। अब पुलिस द्वारा तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इस बहुचर्चित हत्याकांड का खुलासा किया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित