गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 12 किग्रा अवैध गांजा सहित तीन गिरफ्तार
फतेहपुर, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खागा कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, 920 रुपये नकद, दो यात्रा टिकट तथा एक स्क्रू ड्राइवर भी बरामद किया है।
कोतवाली खागा पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान महिचा मंदिर रामपुर मोड़ के पास पुलिस टीम ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 12 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संदीप कुमार जैसवाल (22) निवासी चित्रकूट, सुरेश निषाद (38) निवासी बांदा तथा पिंटू यादव (20) निवासी बांदा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में शिवम शिवहरे नामक एक अन्य आरोपी को भी नामजद किया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्हें शिवम शिवहरे द्वारा उड़ीसा भेजा जाता था, जहां से वे गांजा खरीदकर ट्रेन के माध्यम से उत्तर प्रदेश लाते थे। पकड़े जाने से बचने के लिए वे ट्रेन के शौचालय की ऊपरी गोलाकार छत को स्क्रू ड्राइवर से खोलकर उसके अंदर गांजा छिपा देते थे और गंतव्य स्टेशन पहुंचने से पहले उसे निकाल लेते थे। आरोपितों ने बताया कि गांजा शिवम शिवहरे को सौंपा जाता था, जो उसकी फुटकर बिक्री करता था। इसके बदले उन्हें प्रति किलोग्राम एक हजार रुपये पारिश्रमिक दिया जाता था।
खागा कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पूरे तस्करी के नेटवर्क का संचालन शिवम शिवहरे द्वारा किया जा रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जबकि गिरफ्तार आरोपित उसके निर्देश पर गांजा लाने और पहुंचाने का कार्य करते थे।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी महिचा मंदिर राहुल कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक किशन कुमार, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह, कांस्टेबल प्रवीण चौधरी, देवेन्द्र सिंह एवं अंशुल कुमार की प्रमुख भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

