home page

शहडोल में ट्रक से 735 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

 | 
शहडोल में ट्रक से 735 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार


भोपाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे, ट्रक और तीन मोबाइल फोन सहित कुल संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 13 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में यह कार्रवाई जयसिंहनगर थाना पुलिस ने की। पुलिस मुख्यालय द्वारा मंगलवार काे दी गई जानकारी के अनुसार साेमवार देर रात गश्त के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक और खलासी से पूछताछ की गई। संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, ट्रक में रखी 18 बोरियों और 81 पैकेटों की जांच करने पर कुल 735 किलो 440 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।

पुलिस ने ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश और झारखंड के निवासी बताए गए हैं। मामले में जयसिंहनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गांजे की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार, प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे