home page

गांजा के साथ नेपाल पुलिस ने दो भारतीय तस्करों को पकड़ा,एक पुलिस की गोली से हुआ घायल

 | 
गांजा के साथ नेपाल पुलिस ने दो भारतीय तस्करों को पकड़ा,एक पुलिस की गोली से हुआ घायल


गांजा के साथ नेपाल पुलिस ने दो भारतीय तस्करों को पकड़ा,एक पुलिस की गोली से हुआ घायल


अररिया, 16 अक्टूबर(हि.स.)। अररिया से सटे नेपाल कोशी प्रदेश गांजा तस्करी का प्रमुख अड्डा बना हुआ है।दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसी की अनवरत कार्रवाई के बावजूद यह बदस्तूर जारी है।ताजातरीन मामले में बीती रात्रि सीमा से सटे मोरंग जिले के रतुवामाई में गांजा तस्करी में शामिल तस्कर पर नेपाल पुलिस के द्वारा गोली चलाई गई,जिसमें जोगबनी का एक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया।वहीं नेपाल पुलिस ने भरगमा के दूसरे तस्कर को गिरफ्तार किया।

सुनसरी के इनरुवा में सब्जी ले जा रहे ट्रक से 2 हजार 566 किलो गांजा बरामद हुआ था।वहीं इटहरी के पानीपिया क्षेत्र में एम्बुलेंस में तस्करी हो रही चार सौ किलो से अधिक गांजा बरामद की गई।

कोशी प्रदेश पुलिस कार्यालय ने बताया कि इलाम में भी तस्करी के लिए भारत ले जाये जा रहे गांजा की एक बड़ी खेप पकड़ी गई। गांजा का मुख्य उत्पादन क्षेत्र नेपाल के धनकुटा जिला के सांघुरीगढी,भेटेटार,तमोर कॉरिडोर, ध्य-पहाड़ी लोकमार्ग,उदयपुर के बेलका क्षेत्र और कोशी बैराज के आसपास होती है।

मोरंग के रतुवामाई नगरपालिका-5, गोविंदपुर स्थित बकराहा खोला के किनारे गांजा जब्त करने के दौरान पुलिस की गोली से एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। इस घटना में दो भारतीय नागरिक पकड़े गए।

पुलिस के अनुसार गुरुवार रात गांजा लेकर भारत की ओर जा रहे 30 लोगों को कोशी प्रदेश में गांजा तस्करी नियंत्रण के लिए नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस द्वारा पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार गुरुवार रात गांजा लेकर भारत की ओर जा रहे लोगों को पकड़ने की कोशिश के दौरान वे भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने पहले हवाई फायर किया और फिर भी न रुकने पर गोली चलाई।गोली अररिया जिले के जोगबनी के 39 वर्षीय प्रमोद चौधरी को लगी है। उनकी बाई जांघ में गोली लगी है और हालत सामान्य बताई जा रही है। यह जानकारी मोरंग पुलिस के प्रवक्ता डीएसपी मकेन्द्र कुमार मिश्र ने दी।

घटना में अररिया जिला के भरगामा के 50 वर्षीय राजेन्द्र प्रसाद यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। उनसे करीब 100 किलो गांजा बरामद हुआ है।इससे पहले गुरुवार को दोपहर में उसी स्थान पर लावारिश हालत में 8 बोरों में रखा 264 किलो 590 ग्राम गांजा बरामद हुआ था।रात करीब साढ़े नौ बजे गांजा लेकर भारत की ओर जा रहे लोगों से पुलिस का आमना-सामना हुआ। पकड़े गए दोनों लोगों से गांजे के स्रोत, तस्करी में शामिल अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में आगे की जांच जारी है।

इनरुवा नगरपालिका-3, सखुवागाछी क्षेत्र में पत्ता गोभी ले जा रहे ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा 2,566 किलो गांजा पुलिस ने बरामद किया।पुलिस के अनुसार ना.7 ख 1825 नंबर के ट्रक में सब्जियों के बीच गांजा छिपाया गया था। इस मामले में धनकुटा के शहीद भूमि गांवपालिका-2 के 33 वर्षीय राजू राई और 18 वर्षीय संदीप राई गिरफ्तार हुए।

एम्बुलेंस जैसी अति आवश्यक सेवा वाले वाहन से गांजा की बरामदगी नेपाल पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़ा करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर