home page

रायपुर : रेलवे स्टेशन के बाहर 13 किलो से अधिक गांजा के साथ प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार

 | 
रायपुर : रेलवे स्टेशन के बाहर 13 किलो से अधिक गांजा के साथ प्रेमी-प्रेमिका गिरफ्तार


रायपुर, 13 मार्च (हि. स.)। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपितों के कब्जे से करीब 13 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है। कार्रवाई गुढ़ियारी थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों को थाना क्षेत्र के रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के बाहर पार्किंग के पास से पकड़ा गया। दोनों अपने बैग में गांजा रखकर कहीं जाने की फिराक में थे।

पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम राजेंद्र प्रसाद और हेमलता कैवर्त्य बताया। जांच में सामने आया कि, दोनों आपस में प्रेमी-प्रेमिका हैं और पुलिस से बचने के लिए पति-पत्नी बनकर यात्रा करते थे।

शुक्रवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपित उड़ीसा के खरियार रोड क्षेत्र से गांजा लाकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज ले जा रहे थे। तलाशी के दौरान उनके बैग से 13.156 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 6 लाख 77 हजार 800 रुपये आंकी गई है।

दोनों आरोपितों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और तस्करी नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर