4.24 करोड़ के गांजा मामले में एक और आरोपित गिरफ्तार, कटनी से पकड़ा गया
सूरजपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में जून 2026 में पकड़े गए 848 किलो 650 ग्राम गांजे के मामले में पुलिस ने शनिवार काे फरार चल रहे एक और आरोपित को मध्यप्रदेश के कटनी से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की कीमत करीब 4 करोड़ 24 लाख रुपये है। मामले में पूर्व में आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक 4 जून 2026 को सूचना मिली थी कि अंबिकापुर से मनेन्द्रगढ़ की ओर जा रही नीलम बस क्रमांक सीजी 15 ईएच 4301 में गांजा ले जाया जा रहा है। सिलफिली के पास कार्रवाई के दौरान बस से 53 बोरियों और कपड़े में बंधी गठरियों से 848 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद किया गया था। गांजे के साथ 478 नग झाड़ू, परिवहन में प्रयुक्त बस और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया था।
मामले में गोल झरनी, उनर बाई, रूजीना, अटरिया, अन्टबाई, पेहरी बाई और बस चालक छोटन राम को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 24 अगस्त को मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही निवासी जाजोन सिंह को भी गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में थाना जयनगर में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने प्रकरण की विस्तृत विवेचना करते हुए फरार आरोपितों की पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। विवेचना के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि अरसेन धुर्वे पवार (35), निवासी सिनगौड़ी फुटहा टोला खिरवा, थाना विजयराघवगढ़, जिला कटनी, हाल ही में जिला जेल कटनी से रिहा हुआ है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे जिला जेल कटनी के पास से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अरसेन ने गांजा और झाड़ू को ओडिशा से लाकर बस के माध्यम से मध्यप्रदेश ले जाने की योजना के संबंध में जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि गांजे को झाड़ू की गठरियों के साथ छिपाकर बस से ले जाया जा रहा था। मामले में अन्य फरार आरोपितों की भी पतासाजी की जा रही है और विवेचना जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जयनगर अमित गुप्ता, एसआई सोहन सिंह, प्रधान आरक्षक रजिन्दर एक्का, आरक्षक जितेन्द्र साहू और हरि सिंह की भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

